रथयात्रा से पूर्व उदित नगर जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना; महाप्रभु के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
Rourkela (ରାଉରକେଲା)रिपोर्ट : संदीप कुमार अग्रवाल, राउरकेलाJuly 16, 2026193 views

राउरकेला: भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा से पूर्व उदित नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। जय मां कालरात्रि सेवा समिति के संयोजक सेवाभावी ओपी सिंह की प्रेरणा से समिति के सदस्य सेवाभावी रिंकू अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया।
पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने "जय जगन्नाथ" के गगनभेदी जयघोष के साथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। रथयात्रा को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।

